बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 26वीं बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री, 2027 कुंभ और मां नंदा राजजात यात्रा पर मांगा सहयोग
बस्तर/देहरादून। छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद् की 26वीं बैठक में Pushkar Singh Dhami ने प्रतिभाग करते हुए राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर व्यापक मंथन किया। बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली विश्वप्रसिद्ध मां नंदा राजजात यात्रा और कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए केंद्र एवं विभिन्न राज्यों से सहयोग और समन्वय की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्यों के बीच मजबूत संवाद, सहयोग और समन्वय से ही देश के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सहकारी संघवाद को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम देशभर में दिखाई दे रहे हैं।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में आयोजित होने वाली मां नंदा राजजात यात्रा और 2027 के दिव्य एवं भव्य कुंभ मेले का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ये आयोजन केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आधारभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र और राज्यों के समन्वित प्रयास आवश्यक होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक धरोहरों और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और अन्य राज्यों के सहयोग से मां नंदा राजजात यात्रा तथा कुंभ मेले का आयोजन ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होगा।
आंतरिक सुरक्षा पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सीमावर्ती राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त रणनीति को और अधिक मजबूत बनाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनकल्याण, सुशासन, आधारभूत विकास, पर्यटन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।
बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



