---Advertisement---

एससी विभाग कार्यक्रम में भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल, प्रदेश कांग्रेस ने किया जोरदार स्वागत”

By: Naveen Joshi

On: Sunday, October 26, 2025 7:13 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

 

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित “संविधान बचाओ, भाजपा भगाओ” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति विभाग के नेता सोनू गहलोत के नेतृत्व में डेढ़ सौ से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामा।

 

नवागत कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव समाज के दबे-कुचले और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रही है। भाजपा सरकारों ने इन वर्गों से जुड़े स्थायी कार्यों को ठेका प्रथा में डालकर उत्पीड़न का रास्ता खोल दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

 

कार्यक्रम में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के नव नियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं पंजाब के विधायक सुखविंदर कोटली ने कहा कि देहरादून में अनुसूचित जाति समाज के युवाओं में कांग्रेस के प्रति दिखे जोश से उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है। उन्होंने घोषणा की कि वे हर महीने प्रदेश के किसी न किसी जिले का दौरा कर संगठन को मजबूत करेंगे। कोटली ने भाजपा शासित राज्यों में अनुसूचित जाति वर्ग के साथ हो रहे अत्याचारों पर चिंता जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड में दलितों के खिलाफ अपराध बढ़े हैं, जिससे भाजपा की दलित-विरोधी मानसिकता उजागर होती है।

 

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा सरकार को अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग और महिला विरोधी सरकार बताया। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी, हरिद्वार और अन्य जिलों में दलित उत्पीड़न की घटनाओं ने प्रदेश को शर्मसार किया है। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीब बस्तियों को उजाड़ने की साजिश का डटकर विरोध करेगी और देहरादून एलिवेटेड रोड परियोजना को गरीब विरोधी बताते हुए इसके खिलाफ सड़क से विधानसभा तक संघर्ष करेगी।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विभाग हरिद्वार, उधम सिंह नगर, हल्द्वानी और अल्मोड़ा में इसी तरह के “संविधान बचाओ, भाजपा भगाओ” कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिनमें हजारों लोगों को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा।

 

महानगर कांग्रेस एससी विभाग अध्यक्ष करण घाघट ने बताया कि महानगर के सभी 100 वार्डों में वार्ड कमेटियों का गठन किया जा रहा है तथा नवंबर अंत तक महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन धर्मपाल घाघट ने किया। इस अवसर परमहानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, मानसिंह एडवोकेट, गगन छाछर, नोहर सिंह,  पूनम सिंह,  गीता बहुते,  पिंकी, संजय बिरला, भोला सिंह, हिमांशु घाघट, आकाश पंवार, सिकंदर, हिमांशु कुमार सहित बड़ी संख्या में नवागत कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment