Advertisement

सेवा ही संगठन’ के संकल्प के साथ भाजपा मनाएगी सेवा समर्पण पखवाड़ा

By: Naveen Joshi

On: Friday, September 4, 2026 12:07 AM

Google News
Follow Us

 

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी महानगर की ओर से बुधवार को महानगर कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायी नेतृत्व, जनसेवा के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सेवा समर्पण पखवाड़े के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए।

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्षों की यात्रा देश के लिए यादगार रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशहित और समाजहित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में भारत को विश्व पटल पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा कार्यकर्ताओं का सौभाग्य है कि उन्हें ऐसा नेतृत्व मिला, जिसने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी नेतृत्व और जनसेवा के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा समर्पण पखवाड़ा उत्साह, सेवाभाव और समर्पण के साथ मनाया जाएगा।

सेवा कार्यों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प

मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सेवा समर्पण पखवाड़े की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस दौरान विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य केवल आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यही भाजपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए।

पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, पौधारोपण, जरूरतमंदों की सहायता, जनजागरूकता अभियान सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।

कुंदन परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में ‘सेवा ही संगठन’ की भावना को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सेवा समर्पण पखवाड़ा इसी सेवाभाव को समाज में और मजबूत करने का अवसर है।

सेवा को राजनीतिक संस्कार बनाने का आह्वान

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि सेवा समर्पण पखवाड़ा केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को निभाने का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक आधार केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के बीच निरंतर सेवा कार्य करना पार्टी की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कार्यशाला में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, कैंट विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला, पुनीत मित्तल, विनोद उनियाल, श्याम अग्रवाल, कुंवर जपेंद्र, महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी, विजेंद्र थपलियाल, राजेंद्र ढिल्लों, सुनील शर्मा, संकेत नौटियाल, ओम कक्कड़, राजेश कंबोज, मोहित शर्मा, जगदीश, अक्षत जैन, विनोद शर्मा, मोतीराम, संदीप बिजलवान, महिपाल सहित महानगर के पदाधिकारी एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment