Advertisement

चंपावत जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू

By: Naveen Joshi

On: Thursday, August 20, 2026 1:18 PM

Google News
Follow Us

 

चंपावत। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब गंभीर और आपातकालीन मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से गंभीर मरीजों के उपचार में बड़ी सुविधा मिलेगी। आपात स्थिति में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक समय पर उपलब्ध होने से उपचार में देरी कम होगी। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।

20 करोड़ से बना 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी आधुनिक सुविधाएं भी स्थापित की जा चुकी हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम और द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है।

पार्किंग और सड़क सुविधाओं का भी विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण और चौड़ीकरण के साथ जाम की समस्या के समाधान के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू होने वाला है। मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब और पर्यटन आवास गृह में भी पार्किंग सुविधाओं का विकास किया गया है।

उन्होंने बताया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। भूमिगत विद्युत लाइनों का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं भी चंपावत के विकास को नई दिशा देंगी।

स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और सुलभ : स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। चंपावत जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगे। इससे मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और दूसरे जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिले के विकास का कोई सपना अधूरा नहीं रहने दिया जाएगा। गांव-गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पांडेय सहित जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, लोहाघाट नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 27, 2026

October 26, 2026

October 26, 2026

October 26, 2026

October 26, 2026

October 26, 2026

Leave a Comment