चमोली (प्रदीप लखेड़ा)।
पीएम श्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज गौचर का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पीटीआई अध्यक्ष सुनील शाह एवं सीएमसी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि सुनील शाह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय ही वह स्थान है जहां बच्चों के भविष्य की नींव रखी जाती है। शिक्षा के माध्यम से ही विद्यार्थी अपने जीवन को नई दिशा दे सकते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर सरस्वती वंदना, योग गीत, डांडिया नृत्य, जागर, लोकगीत, समूह नृत्य तथा हास्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. बिष्ट ने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शिक्षक सुभाष सती ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
पूर्व प्रधानाचार्य शिशुपाल सिंह नेगी ने कहा कि वार्षिकोत्सव वर्ष भर की उपलब्धियों का मूल्यांकन करने का अवसर होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, नवाचार और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन हिंदी प्रवक्ता हरीश टम्टा ने किया।
कार्यक्रम में सभासद वार्ड-2 ममता रावत, रघुवीर सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह नेगी, नरेंद्र भंडारी, यश इंस्टीट्यूट के महावीर नेगी, मीना डिमरी, प्रशासनिक अधिकारी शंकर मणि गैंथोला सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
वार्षिकोत्सव में झलकी लोकसंस्कृति की छटा, मेधावी छात्र हुए सम्मानित
By: Naveen Joshi
On: Wednesday, February 11, 2026 8:17 PM
---Advertisement---



