---Advertisement---

वैश्य समाज सनातन संस्कृति का ध्वजवाहक, राष्ट्र की आर्थिक व सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक : मुख्यमंत्री

By: Naveen Joshi

On: Sunday, October 12, 2025 8:40 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

 

देहरादून,। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा आयोजित दीपावली मेले में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन जी को नमन करते हुए उपस्थित जनों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश और बुराई से अच्छाई की ओर ले जाने की प्रेरणा देता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्य समाज सदियों से सनातन संस्कृति का ध्वजवाहक बनकर समाज में सहयोग, सौहार्द और विकास का प्रकाश फैला रहा है। वैश्य समाज हमारे राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वैश्य महासम्मेलन का यह मेला न केवल व्यापार को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि सामाजिक एकता, स्वदेशी उत्पादों के प्रसार और लोकसंस्कृति के संरक्षण का भी माध्यम बन रहा है।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘लोकल फॉर वोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के विज़न के अनुरूप अनेक योजनाओं और नीतियों को लागू कर रही है, जिससे उत्तराखंड का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने “समान नागरिक संहिता” लागू की है। राज्य सरकार देवभूमि के सांस्कृतिक मूल्यों और डेमोग्राफी की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने लैंड जिहाद पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 9 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया है, साथ ही अवैध मजारों व मस्जिदों को भी हटाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के माध्यम से सनातन संस्कृति को बदनाम करने वाले पाखंडियों पर भी कठोर कार्रवाई की जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” के मंत्र को अपनाते हुए हमें स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे देश के कारीगरों, किसानों और उद्यमियों को मजबूती मिलेगी और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार होगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के “विकल्प रहित संकल्प” को लेकर सतत कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैश्य समाज सरकार के साथ मिलकर विकास की इस यात्रा में अपनी सशक्त भूमिका निभाता रहेगा।

 

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, खजान दास, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर सौरभ थपलियाल , मधु जैन,हित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment