Advertisement

सर्किल बार का लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित…

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, October 14, 2025 10:00 AM

Google News
Follow Us

 

सर्किल बार में आग की घटना पर डीएम सख्त, संयुक्त जांच में लापरवाही उजागर

 

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने राजपुर रोड स्थित सर्किल बार में हाल ही में हुई आगजनी की घटना को गंभीरता से लेते हुए बार का लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया है। घटना की जांच के लिए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर एवं प्रभारी अधिकारी आबकारी हरी गिरी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित कर जांच कराई।

 

जांच रिपोर्ट में पाया गया कि बार में सुरक्षा मानकों की घोर अवहेलना की गई थी। आग की यह घटना बार में आयोजित जग्लिंग एवं फायर शो के दौरान हुई, जिसमें दो बार मैन झुलस गए। उस समय हॉल में लगभग 40 से 50 लोग मौजूद थे, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका बनी रही।

 

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि बार के तृतीय तल के हॉल की सीलिंग में लकड़ी और टहनियों का प्रयोग किया गया था, जिससे आग तेजी से फैल सकती थी। टीम ने यह भी उल्लेख किया कि बार मैनों को मुख्यतः शराब परोसने के लिए नियुक्त किया जाता है, किंतु सर्किल बार में उन्हें फायर शो के प्रदर्शन में लगाया गया, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

 

जांच में पाया गया कि अनुज्ञापन की शर्तों का उल्लंघन करते हुए बार में ऐसे आयोजन किए गए, जिससे न केवल सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई बल्कि वहां मौजूद दर्जनों लोगों के जीवन को खतरे में डाला गया।

 

सभी तथ्यों के आधार पर जिला प्रशासन ने आबकारी अधिनियम की धारा-34 (b) एवं (e) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए सर्किल बार का लाइसेंस 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है।

 

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि —“आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

 

 

 

 

 

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment