---Advertisement---

टेबल टेनिस खेलकर सीएम धामी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

By: cradmin

On: Wednesday, April 15, 2026 5:14 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून, पुष्कर सिंह धामी ने  परेड ग्राउंड, देहरादून स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।

मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि राज्य को पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसके लिए भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार है। खेलों से अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे जीवन-मूल्य विकसित होते हैं, जो युवाओं को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने राज्यों के साथ-साथ देश के उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस ऐसा खेल है जिसमें गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का समन्वय आवश्यक होता है। यह खेल खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय क्षमता, रणनीतिक सोच और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से भारत ने खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक मंचों पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश के लिए गर्व का विषय है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में स्थापित किया गया है, जिसमें राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ियों का जज्बा, अनुशासन और आत्मविश्वास होता है, जो उन्हें सच्चा विजेता बनाता है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा एवं उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment