Advertisement

,

आयुक्त ने आपदा कार्यों की समीक्षा की, प्रशासन की त्वरित कार्यवाही पर जताया संतोष

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, October 28, 2025 8:20 PM

Google News
Follow Us
------

 

देहरादून/पौड़ी। ,गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने  विकास भवन सभागार में आपदा से हुई क्षति एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सभी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आयुक्त को जिले में आपदा से हुई क्षति, राहत वितरण की स्थिति तथा पुनर्निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग ₹3 करोड़ 62 लाख की राहत राशि पात्र लाभार्थियों को वितरित की जा चुकी है। आयुक्त ने जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों में दिखाई गई त्वरित प्रतिक्रिया पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि आपदा के तत्काल बाद अस्थायी रूप से किए गए कार्यों को स्थायी रूप देने के लिए विभाग गुणवत्तापरक निर्माण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिले में सड़क, बिजली, पेयजल आदि सेवाओं को शीघ्र सुचारु किया गया है और शासन से अतिरिक्त धनराशि भी शीघ्र प्राप्त होगी। आयुक्त ने बताया कि जिन परिवारों के मकान आपदा में क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके विस्थापन हेतु वैकल्पिक स्थलों का चयन कर लिया गया है। भूगर्भीय विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि चयनित स्थलों का निरीक्षण कर आवास निर्माण हेतु उपयुक्तता की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसंवेदना के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी नागरिक असुविधा का सामना न करे। साथ ही विभागों के बीच बेहतर आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं। आयुक्त ने सड़क, बिजली, पानी, मार्ग और विद्यालयों जैसी क्षतिग्रस्त सार्वजनिक संपत्तियों के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी से नियमित स्थल निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की निगरानी करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त करने और गुणवत्तापरक निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान आयुक्त ने आगामी राज्य स्थापना दिवस (9 नवम्बर) की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि निबंध, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड से प्रतिभागियों को राज्य स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल किया जाए। आयुक्त ने कहा कि “राज्य स्थापना दिवस हमारे गौरव और एकता का प्रतीक है।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि 9 नवम्बर की शाम को अपने घरों में पाँच दीप जलाकर इस दिवस को उत्साहपूर्वक मनाएं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 1 से 11 नवम्बर तक प्रदेशभर में विविध सांस्कृतिक एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गढ़वाल रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सभी थानों में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए शिक्षा विभाग को आवश्यक सहयोग के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, सीओ तुषार बोरा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment