Advertisement

,

चारधाम यात्रा में मंदिर परिसरों में मोबाइल व कैमरे पर पूर्ण प्रतिबंध

By: Naveen Joshi

On: Sunday, January 18, 2026 9:58 AM

Google News
Follow Us
------

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में चारधाम यात्रा–2026 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयुक्त ने यात्रा मार्गों की सभी सड़कों को समयबद्ध ढंग से दुरुस्त रखने, पार्किंग क्षमता बढ़ाने, पैदल मार्गों के सुधारीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा हेली सेवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्री केदारनाथ, श्री बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री एवं श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने हेतु ठोस कार्ययोजना पर बल दिया।

गढ़वाल आयुक्त ने यात्रा मार्ग से जुड़े सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा से संबंधित अत्यावश्यक कार्यों की अपने स्तर पर स्क्रूटनी करते हुए एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण की जाए तथा फास्ट ट्रैक मोड में कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिलों की मांग के अनुरूप शीघ्र ही बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पिछले यात्रा सीजन में अत्यधिक वर्षा के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर मलवा आ गया था, जहां अस्थायी रूप से यातायात बहाल किया गया था। इस संबंध में एनएच, लोक निर्माण विभाग एवं बीआरओ को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्गों पर पड़े मलवे का प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर निस्तारण कर सड़कों को पूरी तरह सुचारू किया जाए।

मंदिर परिसरों में मोबाइल और कैमरे पर पूर्ण प्रतिबंध

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि चारधाम यात्रा एक पवित्र धार्मिक यात्रा है। विगत यात्रा सीजन में मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन एवं कैमरा ले जाने से दर्शन व्यवस्था में कई समस्याएं सामने आई थीं। इसे देखते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस वर्ष से चारों धामों के मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन एवं कैमरा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही बीकेटीसी को श्रद्धालुओं के मोबाइल व कैमरे सुरक्षित रखने हेतु मंदिर परिसरों में पृथक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व चारों धामों एवं यात्रा मार्गों पर पेयजल, चिकित्सा, परिवहन, खाद्यान्न, पुलिस, सफाई, विद्युत, दूरसंचार, हेली सेवा तथा आपदा नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे क्रियाशील रखने की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही यात्रा मार्ग के सभी होटल एवं जीएमवीएन गेस्ट हाउसों में यात्रियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था, होल्डिंग प्वाइंट व पार्किंग स्थलों की क्षमता विकसित करने तथा स्टेकहोल्डर्स के साथ पृथक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

चारधाम यात्रा से संबंधित नितांत आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव तत्काल आंगणन सहित उपलब्ध कराने तथा जिलाधिकारियों व विभागीय अधिकारियों द्वारा कार्यों की स्वयं निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान के लिए आपसी समन्वय एवं सीधे संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल निकिता खंडेलवाल, जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्या, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, एसएसपी हरिद्वार पी.एस. डोभाल, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार, एसपी टिहरी टी.आर. जोशी, एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment