गुजरात सरकार के आतिथ्य और संस्कृति विभाग की व्यवस्थाओं की सराहना, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बताया ऐतिहासिक पहल
देहरादून/सोमनाथ, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के अंतर्गत उत्तराखंड से सोमनाथ पहुंचे तीर्थ यात्रियों का दल शुक्रवार को शाम 4:00 बजे गुजरात के वेरावल रेलवे स्टेशन से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गया। यात्रा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने भगवान सोमनाथ के दर्शन-पूजन के पश्चात सोमनाथ के प्रसिद्ध हाट बाजार का भ्रमण किया तथा स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक वस्तुओं की खरीदारी का आनंद लिया।
यात्रा के दौरान मिले आत्मीय स्वागत, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और सम्मानजनक आतिथ्य से तीर्थयात्री अत्यंत अभिभूत नजर आए। उन्होंने गुजरात सरकार एवं संस्कृति विभाग, गुजरात द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, सेवा और सत्कार के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
तीर्थ यात्रियों ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड और गुजरात के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंधों को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम बनी है। इस पहल से दोनों राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को निकट से जानने और समझने का अवसर मिला, जिससे राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को भी नई मजबूती मिली।
श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड सरकार एवं संस्कृति विभाग, उत्तराखंड का भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायी यात्रा का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की यात्राओं का आयोजन होता रहेगा, जिससे देश के विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकात्मता को और अधिक बल मिलेगा।









