कोटद्वार,अखिल भारतीय कांग्रेस एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कोटद्वार जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में प्रारंभ किए गए इस अभियान के तहत भाजपा की केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन और चुनाव आयोग के माध्यम से संविधान की मूल भावना से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के इशारे पर विपक्षी दलों के समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से योजनाबद्ध तरीके से हटाए जा रहे हैं। आरोप लगाया गया कि कोटद्वार निकाय चुनाव में लगभग 10 हजार मतदाताओं के नाम काटे गए, जिनमें से अकेले शिबूनगर वार्ड-23 से ही लगभग 700 नाम हटा दिए गए हैं।
जिलाध्यक्ष विनोद डबराल और पूर्व मेयर प्रत्याशी रंजना रावत ने कहा कि यह भाजपा की अलोकतांत्रिक हरकत है और इसके खिलाफ कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी। हस्ताक्षर अभियान 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर नरेंद्र सिंह नेगी, गोपाल सिंह गुसाईं, जावेद हुसैन, महाबीर सिंह नेगी, योगेंद्र सिंह चौहान, कृपाल सिंह नेगी, कैलाश सिंह, मनबर सिंह रावत, गिरिराज सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, कमल बिष्ट, प्रेम चन्द्र, प्रकाश चंद्र, रणबीर सिंह, जयदेव भट्ट, विनोद नेगी और इंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
