Advertisement

कैंट में कांग्रेस की संकल्प यात्रा, भाजपा सरकार पर हमलावर हुए हरक और गोगी

By: Naveen Joshi

On: Sunday, August 30, 2026 8:39 PM

Google News
Follow Us

देहरादून, कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।  महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कौलागढ़ क्षेत्र में संकल्प यात्रा निकाली गई। यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनसमस्याओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
संकल्प यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “चंदा चोरी बंद करो” और “राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी का जवाब दो” जैसे नारे लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा। यात्रा में कांग्रेस नेताओं ने जनता से आगामी चुनाव में बदलाव का संकल्प लेने का आह्वान किया।
यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा पर भगवान राम और राम मंदिर के नाम पर जनता की आस्था को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर से चंदा लिया गया है और जनता को यह जानने का अधिकार है कि इस धनराशि का कितना उपयोग हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के सवालों को मजबूती से उठाएगी और चंदे के हिसाब को लेकर भाजपा से जवाब मांगेगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह गोगी ने भाजपा पर कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनता की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर जनता से चंदा लिया गया, लेकिन कैंट क्षेत्र की जनता आज भी सड़क, पानी, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।
डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस का सवाल स्पष्ट है कि राम मंदिर के नाम पर लिए गए चंदे का हिसाब जनता को कब मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल किया, जबकि जमीनी स्तर पर जनसुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा के कई इलाकों में सड़कों की स्थिति खराब है। जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर, बदहाल नालियां तथा जल निकासी की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल भाषण और वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है।
डॉ. गोगी ने कहा, “जनता पूछ रही है कि सड़क कहां है, साफ पानी कहां है, बेहतर बिजली व्यवस्था कहां है और स्वच्छता व्यवस्था कहां है? जनता को भाषण नहीं, काम चाहिए।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संकल्प यात्रा महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कैंट विधानसभा की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का अभियान है। कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र में घर-घर जाकर जनता की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें सरकार के सामने रखेंगे।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी सड़क, बिजली, पानी, सफाई, जल निकासी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
संकल्प यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव के लिए जनता से एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक महानगर उपाध्यक्ष विपुल नौटियाल रहे। इस अवसर पर वार्ड अध्यक्ष संजय कुमार, दीप वोहरा, कोमल वोहरा, विजय चौहान, मनोज राणा, आनंद शर्मा, मिथुन रावत, शैलेंद्र कुमार, लकी राणा, रतन सिंह रावत, विजय प्रसाद भट्टराई, सपना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment