---Advertisement---

कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा, पुलिस मुख्यालय का किया घेराव

By: Naveen Joshi

On: Sunday, February 15, 2026 2:25 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

हत्याओं पर लगाम नहीं लगी तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने सरकार पर तीखा प्रहार किया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ और लगातार हो रही हत्याओं पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपकर उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

पुलिस मुख्यालय के घेराव के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि राजधानी देहरादून सहित राज्य के विभिन्न जनपदों में दिनदहाड़े हत्या और गंभीर आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण व्याप्त है।

कांग्रेस का कहना है कि पिछले 15 दिनों के भीतर राजधानी समेत विभिन्न जिलों में दिनदहाड़े पांच हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं, जो कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। इन घटनाओं में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी अब तक न होना चिंताजनक है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि समय रहते कठोर एवं ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सामाजिक अस्थिरता और जनविश्वास में गिरावट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन से निम्नलिखित मांगें कीं

राज्य के संवेदनशील एवं अपराध-प्रवण क्षेत्रों में विशेष पुलिस अभियान चलाया जाए।

संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के विरुद्ध कठोर दमनात्मक कार्रवाई की जाए।

प्रत्येक गंभीर आपराधिक घटना की समयबद्ध एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए।

लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने हेतु दृश्यमान एवं प्रभावी कदम तत्काल उठाए जाएं।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

घेराव कार्यक्रम में विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, जिला पंचायत अध्यक्ष सुखसविन्दर कौर, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व विधायक मनोज रावत, राजकुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, महामंत्री राजेन्द्र भंडारी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि राज्य की शांति और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment