Advertisement

सरकारी जमीनों की बंदरबांट के विरोध में कांग्रेस का ‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान 4 नवंबर से

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, November 3, 2026 5:48 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों के कथित दुरुपयोग एवं निजी हितों में इस्तेमाल किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 4 नवंबर को प्रदेशभर में ‘भूमि बचाओ–धामी हटाओ’ अभियान के तहत विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रम सुबह 10 बजे निर्धारित स्थलों पर होंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर सरकारी जमीनों की बंदरबांट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की सरकारी भूमि और सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हितों के लिए इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के हितों, प्राकृतिक संसाधनों और सरकारी संपत्तियों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

11 स्थानों पर वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के 11 स्थानों पर वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया है। इसके तहत नैनीताल के पटवाडांगर की 13.64 एकड़ भूमि और ज्योलीकोट निरीक्षण भवन के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य तथा सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल को जिम्मेदारी दी गई है।

अल्मोड़ा में निरीक्षण भवन अल्मोड़ा और कटारमल के लिए विधायक मनोज तिवारी तथा पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल को प्रभारी बनाया गया है। रानीखेत के चौबटिया उद्यान पार्क और निरीक्षण भवन के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा जिम्मेदारी संभालेंगे।

हल्द्वानी के एचएमटी रानीबाग की 53 एकड़ भूमि के मामले में विधायक तिलकराज बेहड़ और विधायक सुमित हृदयेश को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं भीमताल क्षेत्र में रामगढ़ की 15 एकड़ भूमि, निरीक्षण भवन रामगढ़ और रातीघाट-कैंचीधाम के लिए उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी तथा विधायक आदेश चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भी होंगे कार्यक्रम

देहरादून-ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल की 633 एकड़ भूमि के लिए पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्ष को भी जिम्मेदारी दी गई है। देहरादून-विकासनगर के डाकपत्थर की 180 एकड़ भूमि के लिए प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

वहीं मसूरी के जॉर्ज एवरेस्ट एस्टेट (पार्क एस्टेट), हाथीपांव की लगभग 142 एकड़ भूमि के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल स्वयं अभियान की कमान संभालेंगे।

टिहरी और हरिद्वार में भी कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी की 247 एकड़ भूमि और निरीक्षण भवन कद्दूखाल के लिए विधायक विक्रम सिंह नेगी तथा विधायक लखपत बुटोला को जिम्मेदारी दी गई है।

हरिद्वार में अलकनंदा होटल, हरकी पैड़ी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक ममता राकेश, अनुपमा रावत और विधायक रवि बहादुर को प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा रानीपुर क्षेत्र के सलेमपुर महदूद की 21 एकड़ भूमि के लिए विधायक फुरकान अहमद और विधायक वीरेंद्र जाति को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से की अधिक भागीदारी की अपील

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर सुबह 10 बजे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा करना केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment