देहरादून। पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, मारपीट, नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त छात्रों के खिलाफ दून पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत ऐसे 98 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों को रिपोर्ट भेजी है। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अब तक 84 छात्रों को निलंबित तथा चार छात्रों को निष्कासित किया जा चुका है।
एसएसपी देहरादून ने साफ कर दिया है कि छात्र जीवन में पढ़ाई के नाम पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत बाहरी छात्रों की पृष्ठभूमि के साथ-साथ उनकी मौजूदा गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ा दी है।
मुकदमों और शिकायतों के आधार पर तैयार हुई सूची
पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों, हुड़दंग, नशाखोरी, मारपीट समेत अन्य घटनाओं में संलिप्त पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही ऐसे छात्रों का रिकॉर्ड तैयार कर उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों और प्राप्त शिकायतों का विवरण संबंधित विश्वविद्यालय एवं शिक्षण संस्थान प्रशासन को भेजा गया है।
पुलिस ने संस्थानों से ऐसे छात्रों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की संस्तुति की। इसके बाद कई शिक्षण संस्थानों ने पुलिस रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए छात्रों के खिलाफ निलंबन और निष्कासन की कार्रवाई की है।
बाहरी छात्रों की गतिविधियों पर भी नजर
एसएसपी के निर्देश पर दून पुलिस द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बाहरी छात्रों की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। पुलिस उनकी गतिविधियों पर भी लगातार नजर रख रही है, ताकि छात्रावासों, पीजी और शिक्षण संस्थानों के आसपास आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
एसएसपी की दो टूक—भविष्य से खिलवाड़ न करें
एसएसपी दून ने छात्र-छात्राओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्र जीवन भविष्य निर्माण का समय है। इसे आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर बर्बाद न करें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने अथवा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित छात्र के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पढ़ाई के लिए आने वाले छात्रों का स्वागत है, लेकिन पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पढ़ाई की आड़ में अपराध का खेल नहीं चलेगा, दून पुलिस ने कसा शिकंजा
By: Naveen Joshi
On: Tuesday, August 25, 2026 7:35 PM













