---Advertisement---

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में देहरादून अव्वल, सीएम धामी व खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया सम्मानित

By: Naveen Joshi

On: Wednesday, February 18, 2026 3:06 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून, ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के राज्य स्तरीय मुकाबलों में देहरादून जनपद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीम को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ट्रॉफी एवं 5 लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता को नए प्रारूप में आयोजित किया गया, जो न्याय पंचायत स्तर से शुरू होकर विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर से होते हुए राज्य स्तर तक पहुंची। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश को नए चैंपियन मिले हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है, जिससे युवाओं का मनोबल सुदृढ़ हुआ है।

कैबिनेट मंत्री श्रीमती आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न नौकरी, सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत आरक्षण, युवा खिलाड़ियों के लिए छात्रवृत्ति, प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों का समय प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए स्वर्णिम काल के रूप में देखा जा सकता है।

खेल मंत्री ने आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बड़े मंच की तैयारी का अवसर है। वर्ष 2030 में भारत में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स तथा 2036 में संभावित ओलंपिक मेजबानी को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को अभी से लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी करनी होगी।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल तथा जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए हजारों खिलाड़ी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment