---Advertisement---

उत्तराखंड की डिजिटल सुरक्षा होगी ‘हाईटेक’, आईआईटी कानपुर–आईटीडीए मिलकर करेंगे काम

By: Naveen Joshi

On: Thursday, February 12, 2026 6:10 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून। उत्तराखंड में डिजिटल सुरक्षा को और अधिक सशक्त एवं हाईटेक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में आईआईटी कानपुर और आईटी डेवलपमेंट एजेंसी (आईटीडीए), उत्तराखण्ड सरकार के बीच साइबर सुरक्षा एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनीन्द्र अग्रवाल, सी3आईहब–आईआईटी कानपुर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. तनिमा हाज़रा तथा सी3आईहब के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) डॉ. रास द्विवेदी ने देहरादून का दौरा कर आईटीडीए में आयोजित बैठक में भाग लिया।

बैठक के दौरान उत्तराखण्ड सरकार एवं आईआईटी कानपुर के मध्य साइबर सुरक्षा, ब्लॉकचेन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संभावित सहयोग पर विस्तृत चर्चा की गई। राज्य में नामित मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारियों (CISOs) एवं शासकीय अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों पर विशेष बल दिया गया, ताकि राज्य की साइबर सुरक्षा संरचना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

सचिव (आईटी) नितेश झा ने साइबर सुरक्षा एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में कार्यरत आईआईटी कानपुर की धारा-8 कंपनी ‘सी3आईहब’ के साथ साझेदारी को राज्य की डिजिटल अवसंरचना को सशक्त एवं भविष्य उन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रो. मनीन्द्र अग्रवाल ने विभिन्न सहयोगात्मक मॉडलों एवं संभावित कार्यक्षेत्रों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि आईआईटी कानपुर राज्य सरकार को जमीनी स्तर की तकनीकी एवं शहरी विकास संबंधी चुनौतियों के समाधान में विशेषज्ञ सहयोग प्रदान करने के लिए तत्पर है।

सचिव (आईटी) ने इस सार्थक एवं फलदायी चर्चा के लिए प्रो. अग्रवाल एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया तथा आईआईटी कानपुर के साथ दीर्घकालिक सहयोग की आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी से राज्य के आईटी तंत्र एवं शहरी शासन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।

अपने दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सीईआरटी-उत्तराखण्ड (CERT-UK), स्टेट डेटा सेंटर (SDC) तथा डीआईसीसीसी–देहरादून स्मार्ट सिटी का भी भ्रमण किया और डिजिटल शासन एवं साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बैठक की अध्यक्षता सचिव (आईटी) नितेश झा ने की। इस अवसर पर निदेशक, आईटीडीए आलोक कुमार पाण्डेय, अपर निदेशक तीर्थ पाल सिंह, वित्त नियंत्रक तंज़ीम अली, महाप्रबंधक (सॉफ्टवेयर विकास) शिवानी गोठी तथा एजीएम (साइबर सुरक्षा) आशीष उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment