देहरादून, उत्तराखंड की खेल, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने राजकीय आवास पर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में खेल विभाग और महिला सशक्तिकरण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान खेल विश्वविद्यालय की स्थापना और नई खेल अकादमियों के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर विचार किया गया। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में नंदा गौरा योजना और महिला सारथी योजना समेत प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने समयबद्ध कार्रवाई और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
