---Advertisement---

विधवा प्रिया को न्याय दिलाने के लिए जिला प्रशासन सख्त – सीएसएल बैंक सील, जल्द होगी संपत्ति की नीलामी

By: Naveen Joshi

On: Monday, July 21, 2025 11:48 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 देहरादून,पति की आकस्मिक मृत्यु के उपरांत बीमित ऋण का लाभ न दिए जाने पर, चार नन्हीं बालिकाओं की मां विधवा प्रिया के मामले में जिला प्रशासन ने कठोर रुख अपनाते हुए सीएसएल बैंक, राजपुर रोड शाखा को सील कर दिया है। अब इस शाखा की नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।

प्रिया के पति स्व. विकास कुमार ने सीएसएल फाइनेंस लिमिटेड से ₹6.50 लाख का गृह ऋण लिया था, जिसे बीमित भी किया गया था। ऋण बीमा के अंतर्गत सभी औपचारिकताएं – शारीरिक जांच, प्रीमियम भुगतान आदि – पूर्ण की गई थीं। इसके बावजूद 12 जुलाई 2024 को विकास कुमार की मृत्यु के बाद बैंक और बीमा कंपनी टाटा AIA ने न तो बीमा क्लेम जारी किया और न ही ऋण माफ किया। उल्टे बैंक एजेंट्स ने महिला को प्रताड़ित किया और उनके घर के कागज़ात जब्त कर लिए।

विगत 11 जुलाई 2025 को अत्यंत आर्थिक संकट में जीवन व्यतीत कर रही प्रिया ने जिलाधिकारी सविन बंसल से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने बैंक प्रबंधक के विरुद्ध ₹6.50 लाख की वसूली प्रमाण पत्र (RC) जारी की, लेकिन इसके बावजूद बैंक ने कोई सहयोग नहीं किया और ना ही ‘नो ड्यूज’ जारी किया।

प्रशासन द्वारा निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के उपरांत बैंक की नाफ़रमानी पर तत्काल कार्रवाई करते हुए राजपुर रोड शाखा को सील किया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर अब बैंक शाखा की नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

प्रशासन के कड़े रुख से आमजन को राहत, दोषी संस्थानों में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई से साफ है कि जिला प्रशासन अब असहाय व निर्बल वर्ग के शोषण पर सख्त नजरिए से कार्यवाही कर रहा है। यह मामला उन बैंकों और बीमा कंपनियों के लिए भी चेतावनी है, जो बीमित ऋण के बावजूद आश्रितों को उनका अधिकार नहीं देते।

जिला प्रशासन द्वारा लगातार लिए जा रहे ऐसे सख्त फैसलों से जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोगों को न्याय दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम सिद्ध हुआ है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment