सभी विभाग समन्वय से करें कार्य, व्यवस्थाओं में न रहे कोई कमी
देहरादून, । राष्ट्रपति Droupadi Murmu के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। राष्ट्रपति के आगमन एवं कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी तथा 13 जून को Indian Military Academy में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति निकेतन में विद्युत, पेयजल, संचार नेटवर्क, आवागमन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण सुनिश्चित करें तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान भी तैयार रखें।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भ्रमण मार्गों पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा कार्यक्रम स्थलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) केके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं प्रोटोकॉल से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

--- 






