देहरादून। भारी बारिश के बीच आमजन की सुरक्षा को लेकर दून पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की ओर से लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जनपद की सीमाओं से लेकर आंतरिक मार्गों तक पुलिस बल की तैनाती कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।
अभियान के तहत जनपद के सभी सीमावर्ती चेकपोस्टों पर बाहरी राज्यों एवं जनपदों से आने-जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिसकर्मी संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ करने के साथ ही उनके सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित कर रहे हैं। वाहनों की जांच के दौरान भी पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इसके अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी गश्त की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और उनकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारी बारिश और विषम मौसम के बावजूद आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेकिंग और गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
भारी बारिश में भी मुस्तैद दून पुलिस, सीमाओं से लेकर आंतरिक मार्गों तक सघन चेकिंग
By: Naveen Joshi
On: Monday, August 17, 2026 10:55 PM













