पारदर्शी परीक्षा हेतु सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध
देहरादून। सहकारी निरीक्षक वर्ग-2/ सहायक विकास अधिकारी (सहकारी) पदों के लिए UKSSSC द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा रविवार को जनपद देहरादून के कुल 17 परीक्षा केंद्रों में संपन्न कराई जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए दून पुलिस अलर्ट मोड में दिखी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों को गहन चेकिंग व फिक्सिंग प्रक्रिया के बाद ही प्रवेश दिया गया। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
एसएसपी देहरादून ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार पुलिस गश्त बनाए रखने और अवांछित तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
परीक्षा के दौरान क्षेत्राधिकार के सभी राजपत्रित अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
