देहरादून। रायवाला स्थित राजकीय वृद्ध एवं अशक्त आवास गृह में आगामी 15 जनवरी से नियमित रूप से संचालन प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
इस वृद्ध आवास गृह में 25 वृद्ध एवं अशक्त व्यक्तियों के लिए निशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धजनों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 7500351411 जारी किया गया है, जिस पर फोन के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन देहरादून एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा भोजन व्यवस्था हेतु टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। इसके तहत 15 जनवरी से वृद्ध आवास में निवास करने वाले वृद्धजनों को निशुल्क, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि भोजन व्यवस्था से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक पांच वृद्धजनों का पंजीकरण किया जा चुका है, जो यहां रहने के इच्छुक हैं। वर्तमान में आवास गृह में 25 वृद्धजनों के रहने की समुचित व्यवस्था है, जहां उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण प्रदान किया जाएगा।
संपर्क:जिला समाज कल्याण अधिकारी, देहरादून
मोबाइल: 9412114011

--- 






