देहरादून/बागेश्वर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर पहुंचकर सरयू नदी तट पर जारी विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर फीडबैक भी प्राप्त किया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री धामी बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम पहुँचे, जहाँ उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल उपकरणों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उत्तराखण्ड के खिलाड़ी देश और विदेश में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री बागनाथ मंदिर पहुँचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया और अपनी बातें साझा कीं।
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिवस देश के वीर सैनिकों की अदम्य शौर्य, बलिदान और समर्पण का स्मरण कराने का अवसर है। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री को टोकन फ्लैग एवं लापेल पिन लगाया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, विधायक सुरेश गडिया, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी, ललित मोहन तिवारी सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

--- 






