---Advertisement---

रोजगार मेले में उमड़ा युवाओं और पूर्व सैनिकों का उत्साह

By: Naveen Joshi

On: Thursday, May 14, 2026 1:40 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून, सैनिक कल्याण विभाग एवं आईटीडीए के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा रोजगार मेले में शामिल निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। रोजगार मेले में 21 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

यह रोजगार मेला कम्प्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिक कल्याण विभाग एवं आईटीडीए विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह रोजगार मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है, जहां प्रत्येक परिवार देशभक्ति, अनुशासन और त्याग की भावना से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अमूल्य योगदान दिया है और अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके परिवारों एवं आश्रितों को शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से सशक्त बनाया जाए। मंत्री जोशी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण हेतु शिक्षा अनुदान, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण एवं पुनर्वास योजनाओं सहित कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में सैनिक कल्याण विभाग एवं आईटीडीए विभाग के संयुक्त प्रयासों से 628 पूर्व सैनिक आश्रितों को कम्प्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जबकि वर्तमान में 227 अभ्यर्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 में आयोजित रोजगार मेले में 22 पूर्व सैनिक आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया गया था।

मंत्री गणेश जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्किल इंडिया” एवं “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा-सशक्त एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट के मद्देनजर पेट्रोल-डीजल की बचत एवं ऊर्जा संरक्षण की अपील भी की।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, उप निदेशक कर्नल वीपी भट्ट, विंग कमांडर निधि बधानी तथा आईटीडीए के अपर निदेशक तीरथ पाल सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment