Advertisement

पूर्व सैनिक सम्मान समारोह, सांसद महेन्द्र भट्ट ने वीर सपूतों के योगदान को सराहा

By: Naveen Joshi

On: Saturday, June 20, 2026 9:03 AM

Google News
Follow Us

 

पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों को किया गया सम्मानित, क्षेत्रीय विकास में सहभागिता बढ़ाने का आह्वान

पोखरी‌( प्रदीप लखेडा) विकासखंड पोखरी सभागार में जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक लक्ष्मण सिंह खत्री के नेतृत्व में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मान समारोह में पूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों के जवानों, वीर नारियों, जनप्रतिनिधियों तथा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट ने कहा कि पूर्व सैनिकों का राष्ट्र निर्माण और देश की सुरक्षा में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि नागनाथ-पोखरी क्षेत्र वीर सैनिकों की भूमि रहा है और यहां के अनेक जवानों ने सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देकर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के सम्मान का यह आयोजन प्रेरणादायी है तथा उनके कल्याण और हितों से जुड़े हर प्रयास में सहयोग दिया जाएगा।

विशिष्ट अतिथि कर्नल अजय कोठियाल ने क्षेत्र को वीर सपूतों की धरती बताते हुए भारतीय सेना के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूर्व में नागनाथ स्थित स्व. नरेंद्र सिंह भंडारी इंटर कॉलेज में यूथ फाउंडेशन के माध्यम से प्रशिक्षण केंद्र संचालित किया गया था, जहां से कई युवाओं का सेना में चयन हुआ। उन्होंने कहा कि भविष्य में पुनः नागनाथ में प्रशिक्षण शिविर शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। कर्नल कोठियाल ने समारोह के सफल आयोजन के लिए लक्ष्मण सिंह खत्री की सराहना करते हुए इसे सैनिकों के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों के अनुभव और नेतृत्व क्षमता का उपयोग क्षेत्र एवं जिले के विकास में किया जाना चाहिए। उन्होंने पूर्व सैनिकों से संगठित होकर सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

समारोह में कर्नल डी.एस. बर्त्वाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान बधाणी संस्था के सावन चमोली एवं लोक गायिका मोनिका ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम में सुबेदार सुरेंद्र सिंह, मनवर सिंह, कैप्टन केदार सिंह, कैप्टन नंदन सिंह, कैप्टन सत्येंद्र बुटोला, मोहन सिंह बर्त्वाल, तेजपाल भट्ट, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, दिव्या भारती, अनूप नेगी, विनोद कनवासी, अरुण मैठाणी, वीरेंद्र पाल भंडारी, वत्सला सती, विनय पुरोहित सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पूर्व सैन्य अधिकारी एवं वीर नारियां मौजूद रहीं।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment