देहरादून। जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर डोईवाला थाना क्षेत्र के नकरौंदा स्थित पवार नामक होटल/होमस्टे में छापेमारी की। तलाशी के दौरान मौके से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, देशी शराब के 90 पाउच और बीयर के 31 कैन बरामद किए गए। मामले में आरोपी रिंकू सरोज पुत्र निहत सरोज को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी देहरादून श्री केपी सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग अपराध निरोधक क्षेत्र-3 ऋषिकेश की टीम, सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट तथा आबकारी निरीक्षक श्री जयवीर सिंह, प्रवर्तन दल देहरादून की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नकरौंदा स्थित उक्त होटल/होमस्टे पर दबिश दी।
छापेमारी में यह शराब हुई बरामद
होटल/होमस्टे की तलाशी के दौरान टीम को 12 क्वार्टर ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, 10 क्वार्टर रॉयल स्टैग व्हिस्की, 23 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की, 11 हाफ इंपीरियल ब्लू व्हिस्की, इंपीरियल ब्लू व्हिस्की की एक बोतल, पांच क्वार्टर मैकडॉवेल्स व्हिस्की, देशी शराब के 90 पाउच तथा बीयर के 31 कैन बरामद हुए।
आबकारी विभाग ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी रिंकू सरोज के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अवैध शराब के कारोबार पर विभाग की नजर
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। विभाग की ओर से अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री के मामलों में निगरानी तथा छापेमारी जारी रखी जा रही है।













