देहरादून,मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹59.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं का उद्देश्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करना, आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाना तथा पेयजल और बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना है।
मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के विकासखंड चम्पावत की तामली ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए ₹14.57 करोड़ स्वीकृत किए हैं। वहीं, देहरादून के वार्ड संख्या-89 हरभजवाला में चंद्रबनी से हरभजवाला तक आसन नदी के दोनों ओर पुश्ता निर्माण के लिए ₹6.11 करोड़ की कुल लागत के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में ₹2.43 करोड़ जारी किए गए हैं। ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए ₹25.78 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई है।
देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सुसवा नदी के दोनों तटों पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों हेतु ₹3.22 करोड़ की परियोजना में से प्रथम किस्त ₹1.29 करोड़ स्वीकृत की गई है। वहीं, उत्तरकाशी के भटवाड़ी विकासखंड के झाला गांव में भागीरथी नदी के दाहिने तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹7.57 करोड़ की परियोजना के तहत ₹3.03 करोड़ की प्रथम किस्त जारी की गई है।
चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में जोशीमठ-नीति मार्ग पर वर्ष 2021 की आपदा में क्षतिग्रस्त 80 मीटर स्पान के पैदल स्टील ट्रस पुल के पुनर्निर्माण हेतु ₹4.34 करोड़ की लागत के सापेक्ष ₹1.74 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों के लिए ₹36.10 करोड़ की परियोजना के तहत ₹1 करोड़, हरिद्वार में मनसा देवी हिल बाईपास रोड पर ₹39.17 करोड़ की परियोजना के सापेक्ष ₹1.74 करोड़ तथा नैनीताल के चार्टन लॉज क्षेत्र में ₹6.18 करोड़ की योजना के अंतर्गत ₹77 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
उत्तरकाशी में हर्षिल-मुखवा मोटर मार्ग के सुरक्षात्मक कार्यों हेतु ₹4.72 करोड़ की परियोजना में ₹1.89 करोड़ तथा देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नदी सुरक्षा कार्यों के लिए ₹4.13 करोड़ के सापेक्ष ₹1.65 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। रायपुर विधानसभा क्षेत्र में नालों के बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹4.60 करोड़ की परियोजना में ₹1.84 करोड़ जारी किए गए हैं।
नैनीताल के हल्द्वानी-भीमताल क्षेत्र में जमरानी बांध से पेयजल योजना के लिए ₹4.98 करोड़ की परियोजना में ₹1.99 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही चमोली जिले के भराडीसैंण स्थित राजकीय पीएमश्री आदर्श इंटर कॉलेज में पांच नए कक्षों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। यह घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में किए गए वादे के अनुरूप है।
सूचना विभाग के बजट और पदोन्नति को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के तहत ₹299.18 करोड़ के बजट को स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति कल्याण हेतु ₹1 करोड़ तथा जनजाति क्षेत्र उपयोजना के लिए ₹50 लाख की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है। विभाग में कार्यरत सहायक निदेशक अर्चना एवं बद्री चंद नेगी को उप निदेशक पद पर पदोन्नति देने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।





