Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल पर हरकी पैड़ी में गंगा पूजन, धामी मंत्रिमंडल ने की सुख-समृद्धि की कामना

By: Naveen Joshi

On: Monday, October 12, 2026 12:24 PM

Google News
Follow Us

 

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ ही देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा निरंतर प्रगति की कामना की।

गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सरकार प्रमुख के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा का आशीर्वाद लेकर राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।

गंगा पूजन एवं आरती के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हरिद्वार के गंगा तट पर स्थित मेला नियंत्रण भवन में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। धर्मनगरी हरिद्वार में कैबिनेट बैठक का आयोजन राज्य सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत शासन को प्रदेश के विभिन्न जनपदों तक पहुंचाने और स्थानीय जरूरतों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर क्षेत्रीय आवश्यकताओं, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन के केंद्र में लाने की दिशा में कार्य कर रही है। इससे पहले चम्पावत जनपद के बनबसा में भी मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर निर्णय लिए गए थे।

सरकार का मानना है कि जनपदों में कैबिनेट बैठकों के आयोजन से स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी जरूरतों को सीधे शासन स्तर पर उठाने का अवसर मिलता है। हरिद्वार में आयोजित बैठक को भी इसी क्रम में देखा जा रहा है, जिसके माध्यम से राज्य सरकार क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा को आगे बढ़ा रही है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment