नवरात्रि डांडिया चैरिटी में गीत-संगीत और नृत्य की रही धूम, नेपाल आपदा के दिवंगतों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
देहरादून। नवरात्रि के पावन अवसर पर शहीद मेजर दुर्गा मल्ल पार्क, गढ़ी कैंट में गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव समिति की ओर से रंगारंग नवरात्रि डांडिया गरबा चैरिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डांडिया की खनकती ताल, गरबा के मनमोहक अंदाज और सुरों की मधुर मिठास ने पूरे माहौल को उत्सव के रंग में रंग दिया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया की धुन पर जमकर कदम थिरकाए। कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत पांचवें नवरात्र पर नेपाल में आई आपदा में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने कैंडल जलाकर और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष प्रभा शाह, वर्ष 2026 की अध्यक्ष माया पवार, संरक्षिका गोदावरी थापली, मुख्य अतिथि समाजसेवी उपेंद्र थापली, अति विशिष्ट अतिथि गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य गोविंद सिंह पुंडीर तथा समिति की संयोजिका उपासना थापा उपस्थित रहीं। समिति की अध्यक्ष प्रभा शाह और माया पवार ने सभी को दुर्गाष्टमी एवं दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि उपेंद्र थापली ने नवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव समिति अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। समिति की ओर से आयोजित भव्य तीज मेले को राज्य मेले का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने डांडिया-गरबा के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देने और चैरिटी के लिए किए गए इस आयोजन की सराहना की।
सुरों ने बांधा समां, डांडिया की ताल पर झूमे लोग
कार्यक्रम में लाइव गायकों दीप्ति राणा, मनीषा आले, सतीश थापा और देविन शाही ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक खुद को थिरकने से रोक नहीं सके। एक के बाद एक मधुर गीतों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। डांडिया गीतों की लय पर घूमते कदम, खनकती डांडिया स्टिक और उत्साह से भरे चेहरों ने पूरे पार्क को रंगीन उत्सव स्थल में बदल दिया।
वहीं, रमा ग्रुप गढ़ी कैंट के नन्हे डांडिया कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों के शानदार तालमेल और मनमोहक नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा। अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग घोला।
प्रतिभाओं का सम्मान, विजेताओं को मिले पुरस्कार
आयोजन के दौरान समाज और समिति के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभावान मातृशक्तियों एवं भाइयों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डांडिया प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने नृत्य कौशल और तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया। सर्वश्रेष्ठ डांडिया डांसर के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ सर्वश्रेष्ठ डांडिया कपल यानी युगल पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका नूपुर गुप्ता और उपासना थापा ने निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन वंदना बिष्ट, मुस्कान पवार और पूजा सुब्बा चंद ने आकर्षक अंदाज में किया।
संस्कृति, एकता और सेवा का संगम बना आयोजन
कार्यक्रम में कविता शाही माहुर, कविता क्षेत्री, पूनम गुरुंग, मीनू आले, विनिता क्षेत्री, विनिता खत्री, बुद्धिमान थापा, नीलकमल चंद, राजेंद्र गुरुंग, मधुसूदन शर्मा, सीता शर्मा, मधु खनाल, आशु मगर, मोनिका गुरुंग, आशु थापा, रमा थापा सहित समिति के अनेक सदस्य और डांडिया-गरबा प्रेमी मौजूद रहे।
नवरात्रि की भक्ति, लोकसंस्कृति की खूबसूरती और चैरिटी की भावना से सजा यह आयोजन लोगों के लिए यादगार बन गया। संगीत और नृत्य के बीच प्रतिभागियों ने जहां उत्सव का भरपूर आनंद लिया, वहीं कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता और समाज में आपसी सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।












