---Advertisement---

बर्थडे पार्टी में गई युवती को लगी चोट, कैफे विवाद में तीन युवक गिरफ्तार

By: cradmin

On: Sunday, February 8, 2026 2:56 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र अंतर्गत चंद्रबनी चौक के समीप स्थित एक कैफे में हुई मारपीट की घटना में दून पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 03 अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया है। घटना दिनांक 04 फरवरी 2026 की रात्रि की है, जब एक युवती अपने मित्रों के साथ कैफे में जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली पटेलनगर को सूचना मिली कि चंद्रबनी चौक स्थित Brew कैफे के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद एवं हाथापाई हो गई है। सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। जांच में ज्ञात हुआ कि कैफे के बाहर हुए झगड़े के दौरान युवती माही पुत्री हरीश जेटली, निवासी गांधीग्राम गुरुद्वारा रोड, देहरादून के सिर में चोट आई है, जिसे उसके साथियों द्वारा उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया।

घटना के संबंध में पीड़िता के भाई द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मु0अ0सं0- 103/26, धारा 118(1), 352 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि पीड़ित युवती माही अपने मित्रों के साथ वीकेंड पार्टी के लिए कैफे गई थी। उसी दौरान दूसरे पक्ष के युवक भी वहां पार्टी करने पहुंचे थे। पार्टी के उपरांत कैफे के बाहर पार्किंग में वाहन निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो हाथापाई में बदल गई। बीच-बचाव के प्रयास के दौरान गलती से पास खड़ी युवती के सिर पर करछी लगने से वह घायल हो गई। घायल युवती को चोट लगते देख कुछ युवक मौके से फरार हो गए।

पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई में घटना में संलिप्त 03 अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया है, जिनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियुक्तों का विवरण: पंकज रावत पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी चंद्रबनी चौयला, पटेलनगर, आयु 18 वर्ष।, हिमांशु पुत्र भंवरन सिंह, निवासी ब्रह्मपुरी, निकट शिव मंदिर, पटेलनगर, आयु 19 वर्ष।, सूरज राणा पुत्र बहादुर सिंह राणा, निवासी चंद्रबनी चौयला, पटेलनगर, आयु 19 वर्ष। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक आधार पर की जा रही है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment