Advertisement

,

टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए सरकार संकल्पित : मुख्यमंत्री

By: Naveen Joshi

On: Saturday, January 10, 2026 5:46 PM

Google News
Follow Us
------

 

देहरादून/टिहरी ,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय इंटर कॉलेज छाम, टिहरी गढ़वाल में सांस्कृतिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण कराने वाले नागरिकों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने भगवान नागराजा की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोक संस्कृति, परंपराओं के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कार्य हो रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ, महाकाल कॉरिडोर एवं बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम का भव्य विकास इसका उदाहरण है। उत्तराखंड में भी हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर सहित अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने के उद्देश्य से ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग सहित साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है तथा झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार, होम-स्टे, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी योजना एवं आयुष वेलनेस सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसे बनाए रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है तथा भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत दोषियों को जेल भेजा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं तथा 6 हजार से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से एक-एक पाई की वसूली की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बहन स्व. अंकिता भंडारी के परिवार के साथ पहले भी खड़ी थी और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी। एसआईटी की गहन जांच के आधार पर दोषियों को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। सरकार ने अंकिता के माता-पिता की सीबीआई जांच की मांग पर भी हर स्तर पर सहयोग दिया है।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। मुख्यमंत्री के कार्यकाल में यूसीसी, नकल विरोधी कानून जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।

कार्यक्रम में थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्योत सिंह बिष्ट,  संजय नेगी, श्री विनोद उनियाल, ब्लॉक भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment