ग्रामीण विकास में ब्लॉक प्रमुखों की भूमिका अहम, सरकार कर रही प्रभावी कार्य
देहरादून,
ब्लॉक प्रमुख संगठन उत्तराखंड के प्रतिनिधियों ने सोमवार को प्रदेश के ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (एमएसएमई), खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भेंट के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने विभिन्न विकासखंडों से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से संबंधित मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की।
मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय संगठनों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कार्य कर रही है तथा उनकी मांगों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास का मार्ग गांवों एवं विकासखंडों से होकर गुजरता है और इस प्रक्रिया में ब्लॉक प्रमुखों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है।
काबीना मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संगठन उत्तराखंड के अध्यक्ष राजीव कंडारी सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कई ब्लॉक प्रमुख उपस्थित रहे।





