,

ग्राफेस्ट-26 का जलवा: टेक्नोलॉजी, टैलेंट और थ्रिल से गूंजा कैंपस

By: Naveen Joshi

On: Thursday, April 16, 2026 9:03 PM

Google News
Follow Us
------

 

देहरादून। ग्राफेस्ट-26 का दूसरा दिन तकनीक, रहस्य और रचनात्मकता के नाम रहा। कार रेसिंग का रोमांच, सीआईडी फाइल्स की जांच-पड़ताल और इनोवेटिव व्यंजन बनाने की प्रतियोगिताओं ने आयोजन को बेहद रोचक बना दिया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा।

ग्राफेस्ट-26 के दूसरे दिन देश के 17 राज्यों सहित देश-विदेश से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी तकनीकी व सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी परिसर का हर कोना विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नवाचार और हुनर की झलक पेश करता नजर आया।

आरसी कार रेसिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रिमोट कंट्रोल कारों के जरिए अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया। हाई-स्पीड नेविगेशन और स्मार्ट इंजीनियरिंग डिजाइन ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की टीम ‘इंडर’ (सावन रावत, निशचय अधिकारी, कनिका सिंह) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ‘मार्क-II’ टीम (हर्ष, नेहा) द्वितीय और ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की टीम ‘पूर्वांचल’ (वैभव सिंह, आशीष गुप्ता, संस्कार पांडेय) तृतीय स्थान पर रही।

एआई मॉडल प्रतियोगिता ‘द न्यूरल नेक्सस’ में प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के माध्यम से जटिल समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। इमेज प्रोसेसिंग, नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और डेटा एनालिसिस से जुड़े प्रोजेक्ट्स में तकनीकी गहराई देखने को मिली। प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।

कुलिनरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सीमित संसाधनों में स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर जजों को प्रभावित किया। कोरियन, इंडियन और इटैलियन व्यंजनों में कात्सु करी, ग्योज़ा, मोची, क्रीम स्टफ्ड मशरूम, चिकन रोल और स्ट्रॉबेरी चीज़केक प्रमुख रहे। इसमें ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रियांशु और जुनैरा ने प्रथम, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के नवदीप और सुजल ने द्वितीय तथा ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के गर्वित और अभिनव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सीआईडी फाइल्स प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने क्राइम सीन की बारीकी से जांच कर सुरागों को जोड़ते हुए रहस्य सुलझाने का प्रयास किया। चितकारा यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा के छात्रों सहित कई प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया।

‘ब्लॉसम इन हार्मनी’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने फूलों और पत्तियों से आकर्षक फ्लोरल अरेंजमेंट तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रॉयल और अथर्व प्रथम, यशस्वी और अंजली द्वितीय तथा स्नेहा तृतीय स्थान पर रहीं।

शाम होते ही ग्राफेस्ट का रंग पूरी तरह बदल गया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। बैंड वार में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने जोशीली प्रस्तुतियां दीं। सोलो इंस्ट्रुमेंटल, शास्त्रीय नृत्य और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक संध्या के दौरान ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment