Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड को ऐतिहासिक सौगात

By: Naveen Joshi

On: Saturday, August 29, 2026 5:23 PM

Google News
Follow Us

 

हल्द्वानी, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के खेल इतिहास में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास और भूमि पूजन किया गया। इसी के साथ करीब 150 विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ हुआ।

भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।

हर खिलाड़ी का स्वाभिमान और हर मां का सपना है यह विश्वविद्यालय’

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार की इस भूमि की मिट्टी को जब उन्होंने माथे से लगाया था, तब वह केवल मिट्टी का कण नहीं था, बल्कि राज्य के हर खिलाड़ी का स्वाभिमान और हर मां के सपने का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दृढ़ इच्छाशक्ति और भगवान शिव की कृपा से खेल विश्वविद्यालय का सपना अब धरातल पर आकार ले रहा है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय कोचिंग, खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स मेडिसिन और इंजरी रिकवरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अब खिलाड़ियों को इन सुविधाओं के लिए दिल्ली या विदेशों का रुख करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार ने मंच तैयार कर दिया है, अब खिलाड़ियों को अपने पसीने और प्रतिभा के दम पर दुनिया में तिरंगा फहराना है।

पदक विजेताओं के खातों में पहुंची प्रोत्साहन राशि

राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के दौरान राज्य के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे उनके खातों में अंतरण किया गया। वहीं ‘मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना’ के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।

समारोह में वर्ष 2024-25 के ‘देवभूमि खेल रत्न’ और ‘देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार’ से उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और चेक प्रदान किए गए।

खेल प्रतिभाओं के लिए तैयार होगा नया केंद्र

खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को तराशने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विश्वविद्यालय में शिक्षा और खेल प्रशिक्षण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ खिलाड़ियों को आधुनिक खेल विज्ञान एवं चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

समारोह में सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के सचिव डीके सिंह, कुलदीप बुटोला, मोहन पाठक, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, हरीश पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment