ऋषिकेश/डोईवाला। अवैध शराब की तस्करी, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत आबकारी टीम ऋषिकेश ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुल साढ़े 12 पेटी अवैध शराब बरामद की।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने 10 सितंबर 2026 को सुबह ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 14 F 9018 से अवैध शराब का परिवहन करते हुए सूरज वर्मा पुत्र मनोज वर्मा, निवासी श्यामपुर बाईपास, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 60 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद हुए।
इसके बाद आबकारी टीम ने शाम के समय नकरौंदा, डोईवाला एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के खिलाफ छापेमारी की। नकरौंदा टी-पॉइंट पर कार्रवाई के दौरान विजय सिंह पुत्र नरसिंह, निवासी नकरौंदा के कब्जे से दो पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
वहीं, नकरौंदा स्थित पंवार एन्क्लेव के एमपी रेस्टोरेंट की तलाशी लेने पर नौ पेटी अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर शराब की बिक्री करते हुए रिंकू सरोज पुत्र नियुक्त सरोज, निवासी मऊ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी केयर ऑफ मुकेश पंवार, पंवार एन्क्लेव, नकरौंदा को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के आरोप में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली आबकारी टीम में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, आशीष प्रकाश एवं अर्जुन सिंह, आबकारी हेड कांस्टेबल दीपा डोबरियाल तथा आबकारी कांस्टेबल रीना आशीष चौहान, रेशमा चौहान और सोनम पंवार शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करी, बिक्री एवं अवैध भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।













