देहरादून, सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील विकासनगर अंतर्गत शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित मजार एवं अन्य अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। प्रशासनिक जांच में संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज पाई गई थी, जिस पर अवैध रूप से कब्जा कर मजार संचालित की जा रही थी। नियमानुसार नोटिस जारी करने एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनपद की विभिन्न तहसीलों में चिन्हित अतिक्रमण स्थलों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है और चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। जनहित एवं कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी भूमि पर नए अतिक्रमण की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण संबंधी जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

--- 






