देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा, भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी रेड एवं ऑरेंज अलर्ट तथा चारधाम यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर हुए भूस्खलन को देखते हुए सोमवार को प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है। यह निर्णय तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
गढ़वाल आयुक्त ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को निकटतम सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए तथा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही उन्हें आगे की यात्रा की अनुमति दी जाए। साथ ही मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए यात्रियों तक समय पर सही एवं आधिकारिक जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल वर्तमान मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और यात्रा मार्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती उपाय के रूप में लिया गया है। जैसे ही मौसम सामान्य होगा और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाएंगे, चारधाम यात्रा का संचालन पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा।
प्रशासन ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें। श्रद्धालुओं से मौसम एवं मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक संबंधित जनपद प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करने का आग्रह किया गया है, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।









