देहरादून,। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में हृदय रोगियों और गंभीर मरीजों के उपचार के लिए चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने 12 बेड के नवनिर्मित कार्डियोलॉजी विंग और नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण किया। नई सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर एवं आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नवनिर्मित कार्डियोलॉजी विंग से हृदय रोगियों के लिए उपचार क्षमता को और मजबूत किया जा सकेगा। वहीं, नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड के संचालन से आपातकालीन मरीजों के लिए उपचार की उपलब्धता बढ़ेगी। गंभीर मरीजों को समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं पर दबाव कम करने में भी यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।
सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा में दून मेडिकल कॉलेज की नई उपलब्धि
दून मेडिकल कॉलेज ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। संस्थान राज्य के प्रथम मेडिकल कॉलेज के रूप में सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में एमसीएच यूरोलॉजी सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम के प्रथम दो अभ्यर्थियों डॉ. विशाल सिंह और डॉ. इकबाल अली को प्रवेश एवं ज्वाइनिंग पत्र प्रदान किए गए।
चिकित्सा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि दून मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम का प्रारंभ होना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। इससे विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलने के साथ ही भविष्य में जटिल और गंभीर रोगों के उपचार के लिए प्रदेश में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा का विस्तार राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संस्थान को उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने और मरीजों को प्रदेश में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
उच्च स्तरीय उपचार सुविधाओं के विस्तार पर जोर
विभागाध्यक्ष एवं निदेशक, चिकित्सा शिक्षा प्रो. (डॉ.) आशुतोष सयाना ने कहा कि संस्थान में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और मानव संसाधन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। दून मेडिकल कॉलेज में उपचार सुविधाओं के विस्तार से न केवल देहरादून बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।













