---Advertisement---

घर-घर जाकर दिया जा रहा गोरखा हिमालयन फेस्टिवल का न्योता

By: Naveen Joshi

On: Friday, February 6, 2026 12:24 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून। शहीद दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल को लेकर आमंत्रण अभियान तेज कर दिया गया है। ट्रस्ट से जुड़ी महिलाएं समूह बनाकर घर-घर जाकर मंत्रियों, अधिकारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को इस सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दे रही हैं।

शुक्रवार को ट्रस्ट की अध्यक्षा कमला थापा ने बताया कि यह भव्य उत्सव 20, 21 और 22 फरवरी को गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता में समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी होती है, इसी उद्देश्य से संस्कृति से जुड़े लोगों को विशेष प्राथमिकता के साथ आमंत्रित किया जा रहा है।

ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि फेस्टिवल में पहाड़ी खान-पान, पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक फैशन शो सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ साइकोलोथॉन से किया जाएगा, साथ ही तीनों दिन आयोजन स्थल को पॉलीथिन मुक्त रखने का संदेश भी दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान मधुमक्खी पालन, फल संरक्षण, सौंदर्य कला, नेचर फोटोग्राफी और ट्रैफिक रूल्स से संबंधित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही हर शाम भव्य सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।

ट्रस्ट की कोषाध्यक्ष मीनू क्षेत्री ने जानकारी दी कि फेस्टिवल में जागर गायिका बसंती बिष्ट, सिलीगुड़ी से लोकगायक विक्रम कालीकोटी, दार्जिलिंग से लोकगायिका सुरक्षा सिंचुरी, डीआईडी फेम आद्याश्री उपाध्याय तथा जम्मू से एम जैक्शन कल्चर इंस्टीट्यूट की टीम अपनी प्रस्तुतियां देंगी। फेस्टिवल प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10:30 बजे तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि हिमालयी राज्यों की लोकसंस्कृति, शिल्प और हुनर से जुड़ी प्रतिभाएं अपने लोकगायन, लोकवाद्य और लोकनृत्यों से दर्शकों का मन मोह लेंगी। कार्यक्रम की संरक्षक गोदावरी थापली ने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव को सफल बनाएं।

आमंत्रण अभियान में ज्योति कोटिया, वंदना बिष्ट, नैन कारा, सूर्य विक्रम शाही, निर्मला थापा, नंदा रावत, उर्मिला तोमर सहित कई लोग सक्रिय रूप से शामिल हैं।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment