Advertisement

जनविश्वास का मंच बना जनदर्शन, शिक्षा से भरण-पोषण तक त्वरित कार्रवाई

By: Naveen Joshi

On: Monday, February 23, 2026 6:59 PM

Google News
Follow Us
------

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन का जनता दर्शन कार्यक्रम आमजन के लिए जनविश्वास का सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 191 फरियादियों ने भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आर्थिक सहायता, शिक्षा, रोजगार एवं नगर निगम से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

नालापानी चौक निवासी वृद्धा विधवा सुनीता शर्मा की पारिवारिक प्रताड़ना संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दायर कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

धर्मपुर निवासी विधवा पिंकी सैनी की पुत्री नंदिता की शिक्षा आर्थिक अभाव के कारण बाधित होने पर जिलाधिकारी ने ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के तहत सहायता स्वीकृत कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए, जिससे बालिका की पढ़ाई निर्बाध जारी रह सके।

चन्द्रबनी निवासी बविता सिंह के तीन बच्चों का शुल्क अभाव में टीसी रोके जाने के मामले में जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल टीसी निर्गत कराकर निकटवर्ती राजकीय विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

विन्दाल निवासी अलीशा खत्री के पुत्र को शुल्क बकाया के कारण परीक्षा से वंचित किए जाने की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को शुल्क विवरणी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई कर शिक्षा जारी रखने को कहा गया।

प्रतीपनगर निवासी अनीता देवी की जलकर माफी संबंधी प्रार्थना पर प्रकरण को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के अंतर्गत अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए।

विकासनगर निवासी रूपा गुप्ता की संपत्ति वाद के बावजूद जल संयोजन काटे जाने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को तत्काल जल संयोजन बहाल कर कारणों सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग निर्माण में विलंब से 15 गांवों के प्रभावित होने पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। पंचायत घर क्यारा में नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण तथा राजकीय इंटर कॉलेज काण्डोई भरम में पेयजल समस्या के समाधान हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

इन्द्रलोक कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय हरीश सिंह द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण तथा प्रेमनगर निवासी 92 वर्षीय चंचल सिंह द्वारा दाखिल-खारिज लंबित होने की शिकायतों पर तहसीलदार को त्वरित जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

टिहरी बांध परियोजना अंतर्गत पुनर्वास स्थल बंजरावाला में आवंटित कृषि भूखंडों की पैमाइश के लिए भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आमजन को शीघ्र राहत मिल सके और प्रशासन पर जन-जन का विश्वास और सुदृढ़ हो।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment