Advertisement

, , ,

बाबा के बुलावे पर पहुंचे लाखों भक्त, कैंची धाम में भक्ति का अलौकिक वातावरण

By: Naveen Joshi

On: Sunday, June 14, 2026 11:30 PM

Google News
Follow Us
------

कैंची धाम/नैनीताल, परम पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज के पावन धाम कैंची धाम में स्थापना दिवस (वार्षिक मेला-2026) की पूर्व संध्या पर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रात 11 बजे तक मंदिर के मुख्य द्वार तक हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। देश-विदेश से पहुंचे भक्तजन सड़क किनारे बैठकर भजन-कीर्तन, संकीर्तन एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करते हुए बाबा की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
पूरा कैंची धाम क्षेत्र “बोलो नीब करौरी बाबा की जय” और “जय श्री राम” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। भक्तों की आंखों में बाबा के दर्शनों की उत्कंठा और हृदय में अटूट श्रद्धा स्पष्ट झलक रही है। श्रद्धालु पूरी रात भक्ति रस में डूबे रहकर बाबा के दिव्य दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
मंदिर समिति के अनुसार 15 जून प्रातः 5 बजे बाबा नीब करौरी महाराज के आशीर्वाद के साथ मंदिर के कपाट खुलेंगे और वार्षिक स्थापना दिवस मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। इस पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा प्रशासन
नैनीताल पुलिस एवं जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। पिछले कई दिनों से पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ मेले की तैयारियों में जुटा हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल, एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट तथा अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं।
श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए भीमताल, भवाली, नैनीताल, सैनिटोरियम, खैरना, हल्द्वानी, काठगोदाम और अल्मोड़ा सहित विभिन्न स्थानों से शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। बुजुर्ग एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए ई-रिक्शा की विशेष व्यवस्था भी की गई है, जिससे वे मंदिर के मुख्य द्वार तक आसानी से पहुंच सकें।
एसएसपी की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि बाबा के दर्शनों के लिए आने वाले सभी भक्तगण यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा धैर्य और अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा से सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का लाभ प्राप्त होगा।
भक्ति, सेवा और श्रद्धा का महापर्व
कैंची धाम स्थापना दिवस केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा, प्रेम और मानवता का महापर्व है। बाबा नीब करौरी महाराज की शिक्षाओं और आशीर्वाद से प्रेरित होकर लाखों श्रद्धालु इस पावन अवसर पर धाम पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दे रहा है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने, कतारबद्ध होकर दर्शन करने तथा पवित्र वातावरण को बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बाबा के दरबार में आने वाला कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment