देहरादून, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और कार्यदायी संस्था एलएंडटी को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने तथा विस्तृत कार्ययोजना दो-तीन दिन में प्रस्तुत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का अवलोकन किया और कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, जिससे उत्तराखण्ड सहित कई राज्यों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। इसलिए परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना सभी संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए पर्ट चार्ट (PERT Chart) तैयार कर उसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण समय पर पूरे किए जाएं तथा केंद्रीय जल आयोग की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं।
उन्होंने उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम और एलएंडटी के अधिकारियों को परियोजना की दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा स्वयं मौके पर रहकर करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण शीघ्र पूरा करने और प्रभावित परिवारों से सतत संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने को कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए.के. सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









