बहुउद्देशीय शिविर में 19 दिव्यांगों को मिले विकलांग प्रमाण पत्र, शिकायत काउंटर पर 58 शिकायतें और 55 मांग पत्र प्राप्त
देहरादून/एकेश्वर (पौड़ी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार, चारधाम सड़क परियोजना, रेल कनेक्टिविटी, मेडिकल कॉलेज तथा स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से निरंतर विकास की गंगा बह रही है।
यह बात प्रदेश के लोक निर्माण, सिंचाई, पर्यटन, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने शुक्रवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर के पणखेत में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के शुभारंभ अवसर पर कही।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर में पिछले नौ वर्षों में विकास के अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। बहुप्रतीक्षित भूम्या डांडा तथा ज्वाल्पा देवी ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजनाओं के लिए 44 करोड़ 18 लाख 82 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र के 24 छोटे-बड़े गांव एवं तोकों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।
सतपाल महाराज ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल निगम द्वारा 31 करोड़ 64 लाख 93 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं जल संस्थान द्वारा 14 करोड़ 67 लाख 93 हजार रुपये की योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत द्वितीय चरण स्टेज-1 एवं स्टेज-2 में 12 मोटर मार्ग स्वीकृत किए गए, जिनमें से 10 का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा दो पर कार्य जारी है। ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा 9 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से पांच मोटर मार्ग स्वीकृत किए गए, जिनमें चार पूर्ण हो चुके हैं तथा मनकोटखाल-कल्याणी मोटर मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है।
ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत स्टेज-1, स्टेज-2 एवं स्टेज-3 में 14 मोटर मार्गों के निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण हेतु 71 करोड़ 19 लाख 7 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिन पर कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं स्टेज-4 के अंतर्गत मैणा-पिलखैरा तथा झंगरबौं सिवाल मोटर मार्गों के टेंडर हो चुके हैं तथा भण्डाली गांव मोटर मार्ग को स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि 8 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से 13 मोटर मार्गों का वन टाइम मेंटेनेंस एवं नवीनीकरण कार्य कराया गया। विकासखंड मुख्यालय के पुराने भवन के स्थान पर 3 करोड़ 37 लाख 19 हजार रुपये की लागत से नया भवन बनाया गया। पुसोली, हलूणी एवं सासौ सहित 27 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण हेतु 2 करोड़ 70 लाख रुपये स्वीकृत किए गए, जबकि 56 लाख रुपये की लागत से 14 पंचायत भवनों की मरम्मत की गई।
सतपाल महाराज ने कहा कि एसडीआरएफ के अंतर्गत 4 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से 22 योजनाओं पर कार्य किए गए हैं। ग्राम सिवाल, मौंदाडी, बग्याली, दुंदराकोटी एवं पिनानी में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों की स्मृति में स्मृति द्वारों का निर्माण भी कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के अंतर्गत बाढ़ सुरक्षा, भू-कटाव रोधी कार्य, नहर मरम्मत सहित 30 योजनाओं पर 8 करोड़ 52 लाख रुपये खर्च किए गए। लघु सिंचाई विभाग द्वारा पीएमकेएसवाई, साधारण सिंचाई एवं चेक डैम निर्माण पर 1 करोड़ 90 लाख रुपये व्यय किए गए।
शिक्षा क्षेत्र में 3 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मरम्मत, विद्युतीकरण, शौचालय एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य कराए गए। वहीं सतपुली से ज्वालपा पुल तक 33 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण का कार्य किया गया।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की स्वीकृत पम्पिंग पेयजल योजनाओं हेतु विद्युत लाइन पहुंचाने, पुराने पोल बदलने, ट्रांसफार्मर बदलने एवं केबल लाइन निर्माण पर 6 करोड़ 45 लाख रुपये व्यय किए गए। साथ ही महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को स्वावलंबन एवं स्वास्थ्य संवर्द्धन हेतु 21 लाख 26 हजार 428 रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
सतपाल महाराज ने कहा कि सतपुली-संगलाकोटी-बैजरों 24 किलोमीटर मार्ग हेतु सीआरआईएफ मद से 26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान जनसुनवाई के तहत 19 दिव्यांगजनों को विकलांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिकायत काउंटर पर 58 शिकायतें एवं 55 मांग पत्र सहित कुल 113 पत्र प्राप्त हुए।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, विद्युत एवं जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा गढ़वाली लोकगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, मोहिना रावत, ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, जिला पंचायत सदस्य दीपिका ईष्टवाल, मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र भट्ट, बिरेन्द्र नेगी, संस्कृति निदेशक प्रदीप जोशी, भाजपा जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, जिला अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष नरेन्द्र टम्टा, एसडीएम रेखा आर्य, भाजपा एकेश्वर प्रभारी बृजमोहन रावत, सत्यराज नेगी, गणेश रावत, योगाम्बर पोली, सुनील रावत, सत्येन्द्र रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजेश्वर जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सजवाण, युवा मोर्चा जिला महामंत्री पंकज डोबरियाल, महिला मोर्चा जिला महामंत्री मधुबाला सुन्दरियाल, डॉ. मनमोहन घिल्डियाल, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, संस्कृति विभाग प्रभारी अनिल सिंह बिष्ट, विजय भण्डारी, श्रीमती सरिता सिंह, इन्द्र मोहन चमोली, अनिल नेगी, अभिषेक नौटियाल एवं राजेन्द्र प्रसाद खंकरियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






