देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशों पर आयोजित बैठक में SIR की प्रगति, प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए।
बैठक में डॉ. जोगदंडे ने बताया कि ड्राफ्ट रोल में शामिल कुल 71 लाख मतदाताओं में से अनमैप्ड एवं विसंगति वाले करीब 24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 15 लाख से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मामलों में नियमानुसार कार्रवाई गतिमान है।
उन्होंने कहा कि SIR की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपादित की जा रही है। प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नौ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में सभी आवश्यक मानकों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं बिंदु भी रखे गए।
बैठक में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी के अनिल गोयल और राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस के मनोज रावत एवं मौ. सुलेमान अंसारी, बहुजन समाज पार्टी के सत्यपाल, सतेंद्र, जसपाल एवं सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी के श्याम बाबू पांड्य तथा सीपीआई (एम) के अनंत आकाश उपस्थित रहे।
SIR को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 15 लाख नोटिसों पर सुनवाई पूरी
By: Naveen Joshi
On: Saturday, August 22, 2026 8:23 PM













