Advertisement

कुंभ की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

By: Naveen Joshi

On: Thursday, October 29, 2026 3:52 PM

Google News
Follow Us

देहरादून/हरिद्वार,  कुंभ-2027 के सफल आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेलाधिकारी  सोनिका ने  जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला, चंडी पुल और चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक चल रहे निर्माण एवं सुधार कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बारिश के बीच हुए निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति, प्रमुख मार्गों, पुलों, घाटों और श्रद्धालुओं की आवाजाही से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर ही व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई।

पंतद्वीप में भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान
निरीक्षण की शुरुआत कांगड़ा पुल और संजय पुल के संगम के निकट पंतद्वीप की नोज वाले क्षेत्र से हुई। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में मार्गों और प्लेटफॉर्म की स्थिति का जायजा लिया गया। मेलाधिकारी और जिलाधिकारी ने आवागमन को व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को क्षेत्र में अनुपयोगी एवं क्षतिग्रस्त पोल हटाने, खंभों और पेड़ों से लटक रहे तारों, रस्सियों तथा अन्य अनावश्यक सामग्री को हटाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही घाटों और प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई, सुव्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

रोड़ी-बेलवाला और चंडी पुल के कार्यों की समीक्षा
इसके बाद अधिकारियों ने रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रशासनिक मार्ग का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति परखी। चंडी पुल पर निर्माणाधीन डबल लेन अंडरपास की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कुंभ के दौरान यातायात के दबाव को कम करने और आवागमन सुचारु बनाए रखने में इन कार्यों की अहम भूमिका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक सड़क सुधार में तेजी लाने के निर्देश
मेलाधिकारी ने चंडी चौक से वाल्मीकि चौक की ओर जाने वाली सड़क पर चल रहे चौड़ीकरण और सुधार कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुधार के कार्यों में तेजी लाई जाए और यातायात संचालन को सुचारु बनाने के साथ पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जानी चाहिए।

मौके पर ही तय किए गए सुधार के कदम
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। वह अपने लैपटॉप के माध्यम से तैयारियों से संबंधित जानकारियों का डिजिटल प्रारूप में परीक्षण और संकलन भी करती रहीं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मेला प्रशासन का उद्देश्य कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रमुख मार्गों, घाटों, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment