देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर महानगर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति को धार देने के लिए पार्टी अब वार्ड से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने में जुट गई है। इसी कड़ी में महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित कर बूथ कमेटियों के गठन, मतदाता सूची की निगरानी और कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर जनजागरण अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में देहरादून जिला प्रभारी विजय घनसोला ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने और प्रत्येक बूथ पर समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने के निर्देश दिए।
घनसोला ने मतदाता सूची की निगरानी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और मतदान प्रक्रिया के प्रति जनता को जागरूक करने का आह्वान किया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने के साथ जनता के बीच निरंतर संपर्क स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को महानगर कांग्रेस वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाएगी।
गोगी ने कहा कि मतदाता सूची में संभावित अनियमितताओं, पात्र मतदाताओं के नाम कटने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में होने वाली लापरवाही पर कांग्रेस कार्यकर्ता नजर रखेंगे। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की जांच की जाएगी और कार्यकर्ताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
उन्होंने ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों से बूथ कमेटियों का शीघ्र गठन एवं पुनर्गठन करने, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को कहा। साथ ही ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को महानगर के प्रत्येक वार्ड और बूथ तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने, क्षेत्रवार जनसमस्याओं को लेकर कार्यक्रम आयोजित करने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अभी से गति देने पर सहमति बनी। ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों ने संगठन को मजबूत करने, मताधिकार की रक्षा और चुनावी तैयारियों को लेकर सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी राकेश अग्रवाल, गुरजीत लेहरी, रुचि कैंतुरा, अमरेंद्र बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, वीरेंद्र पंवार, जितेंद्र तनेजा, राजेश पुंढिर, सुनील थपलियाल, अनूप सक्सेना, संजय उनियाल, अर्जुन पासी, संतेंद्र पंवार, कुलदीप कोहली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को हर वार्ड तक पहुंचाएगी महानगर कांग्रेस।
By: Naveen Joshi
On: Tuesday, November 3, 2026 5:15 PM













