चेन्नई। ऑल-न्यू मिनी कंट्रीमैन सी को भारत में लॉन्च कर दिया गया है। मिनी की लेटेस्ट जनरेशन कंट्रीमैन अब ‘मेड इन इंडिया’ होगी और बीएमडब्ल्यू ग्रुप प्लांट चेन्नई में स्थानीय स्तर पर तैयार की जाएगी। यह कार केवल पेट्रोल वेरिएंट में उपलब्ध होगी। इसकी बुकिंग सभी मिनी इंडिया ऑथराइज़्ड डीलरशिप पर शुरू हो चुकी है और डिलीवरी भी तत्काल प्रभाव से शुरू की जा रही है।
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष और सीईओ हरदीप सिंह बरार ने कहा कि ऑल-न्यू मिनी कंट्रीमैन सी मिनी के पारंपरिक लुक को एक शानदार एसयूवी रूप में पेश करती है। इसमें दमदार डिज़ाइन, पारिवारिक यात्राओं के लिए व्यावहारिक केबिन और मिनी की आइकॉनिक गो-कार्ट फीलिंग को बरकरार रखा गया है। उनके अनुसार, भारत में इसका निर्माण कंपनी के पोर्टफोलियो को मजबूत करेगा और ग्राहकों को बेहतर वैल्यू प्रपोज़िशन देगा। यह मॉडल उन ग्राहकों के लिए है, जो रोजमर्रा की वर्सटैलिटी, उपयोगिता और अलग पहचान चाहते हैं।
नई मिनी कंट्रीमैन सी स्टाइलिश ‘फेवर्ड पैक’ में उपलब्ध है और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 47.50 लाख रुपये रखी गई है। बीएमडब्ल्यू इंडिया फाइनेंशियल सर्विसेज़ के माध्यम से ग्राहकों को कस्टमाइज़्ड और फ्लेक्सिबल फाइनेंशियल सॉल्यूशन मिलेंगे। मिनी स्मार्ट फाइनेंस के तहत ग्राहक शून्य डाउन पेमेंट के साथ 56,990 रुपये प्रति माह से शुरू होने वाली ईएमआई पर कार खरीद सकते हैं। तीन साल की अवधि पूरी होने पर 66 प्रतिशत तक की सेगमेंट-बेस्ट एश्योर्ड बायबैक वैल्यू भी मिलेगी। इसके साथ मिनी सर्विस इन्क्लूसिव, मिनी सिक्योर और एक्सटेंडेड वारंटी पैकेज को भी फाइनेंस कराया जा सकता है।
डिज़ाइन की बात करें तो नई कंट्रीमैन सी में मिनी-मैलिस्टिक डिज़ाइन, साफ-सुथरी सतहें और चौड़े व्हील आर्च दिए गए हैं। सेगमेंट में बेहतरीन ऊंचाई और ग्राउंड क्लीयरेंस के साथ यह एसयूवी सड़क पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराती है। ऑक्टागोनल फ्रंट ग्रिल, शार्प एलईडी हेडलाइट्स, टेललाइट्स, छोटे ओवरहैंग्स और तराशा हुआ बोनट इसके आकर्षण को बढ़ाते हैं। एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स और मैट्रिक्स रियर लाइट्स में तीन सिग्नेचर मोड मिलते हैं, जो वेलकम और गुडबाय एनिमेशन के साथ आते हैं।
इंटीरियर में डिजिटल इनोवेशन और इमर्सिव यूज़र एक्सपीरियंस पर जोर दिया गया है। मिनी इंटरैक्शन यूनिट में 240 मिलीमीटर की सर्कुलर ओएलईडी टचस्क्रीन डिस्प्ले मिलती है। वेस्किन विंटेज ब्राउन रंग की इलेक्ट्रॉनिकली एडजस्टेबल जेसीडब्ल्यू स्पोर्ट्स सीट्स, ड्राइवर सीट मसाज फंक्शन, 25 डिग्री तक रिक्लाइन होने वाली और 130 मिलीमीटर तक स्लाइड होने वाली रियर सीट्स इसकी उपयोगिता बढ़ाती हैं। 505 लीटर का बूट स्पेस सीट फोल्ड करने पर 1450 लीटर तक बढ़ जाता है।
ऑल-न्यू मिनी कंट्रीमैन सी में मिनी ट्विनपावर टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 156 हॉर्सपावर और 240 न्यूटन-मीटर टॉर्क देता है। इसमें 7-स्पीड डबल-क्लच स्टेपट्रॉनिक स्पोर्ट ट्रांसमिशन दिया गया है। सुरक्षा के लिए इसे यूरो एनकैप 5-स्टार रेटिंग मिली है। इसमें एयरबैग्स, ब्रेक असिस्ट, डायनामिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम, रियर व्यू कैमरा, टायर प्रेशर इंडिकेटर और इमरजेंसी स्पेयर व्हील जैसे फीचर्स शामिल हैं।









