---Advertisement---

उत्तराखंड में उद्योग को नई रफ्तार; पीएचडीसीसीआई के चेयरमैन बने विनीत कुमार गुप्ता, यूकाइटेक्स–2025 की घोषणा

By: Naveen Joshi

On: Monday, December 15, 2025 6:48 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के उत्तराखंड राज्य चैप्टर को नया नेतृत्व मिल गया है। देहरादून के होटल हयात सेंट्रिक में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान श्री विनीत कुमार गुप्ता को पीएचडीसीसीआई उत्तराखंड चैप्टर का चेयरमैन नियुक्त किए जाने की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने उत्तराखंड इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो—यूकाइटेक्स 2025—के आयोजन की भी घोषणा की।

 

प्रेस वार्ता में श अमित खनेजा, को-चेयरमैन, पीएचडीसीसीआई उत्तराखंड तथा  रितेश सिंह, रेजिडेंट डायरेक्टर, पीएचडीसीसीआई उत्तराखंड चैप्टर सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नवनियुक्त चेयरमैन  विनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि यूकाइटेक्स 2025 का आयोजन 19 से 23 दिसंबर 2025 तक देहरादून के परेड ग्राउंड में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल को परेड ग्राउंड में स्थानांतरित करना एक अहम निर्णय है, जिससे मेले की पहुंच, दृश्यता और जनभागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। देहरादून के केंद्र में स्थित यह स्थल अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करेगा।  गुप्ता ने कहा कि यूकाइटेक्स 2025 को उत्तराखंड की आर्थिक क्षमता, औद्योगिक शक्ति और निवेश संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाले एक प्रमुख मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस एक्सपो के प्रमुख उद्देश्य एमएसएमई को मुख्यधारा से जोड़ना, ओडीओपी उत्पादों को प्रोत्साहन देना, स्थानीय उद्यमों को सशक्त बनाना, उद्योगों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ना तथा उत्तराखंड को एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। साथ ही ग्रामीण आजीविका, पर्यटन और स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि एक्सपो में कृषि, पर्यटन, एमएसएमई, आयुष, वेलनेस, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही बी2बी, बी2जी और बी2सी संवाद एवं व्यापारिक अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। यूकाइटेक्स 2025 को विभिन्न सरकारी विभागों, एमएसएमई, उद्योग भागीदारों और क्षेत्रीय हितधारकों का सक्रिय सहयोग प्राप्त होगा। प्रमुख सहयोगी संस्थानों में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), बीएनआई, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), नेशनल जूट बोर्ड, उत्तराखंड बांस एवं फाइबर विकास बोर्ड, पीचवुड और गरवी गुजरातरी शामिल हैं। इसके अलावा जीबी ग्रुप, पतंजलि, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), डीडी–द डाउन टाउन, गोल्डी ग्रुप, एवरेस्ट मसाला और रोसा हर्बल केयर जैसे प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट एवं संस्थागत साझेदार भी आयोजन को सहयोग दे रहे हैं। इस अवसर पर को-चेयरमैन  अमित खनेजा ने कहा कि यूकाइटेक्स 2025 स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और स्टार्टअप्स के लिए व्यापार विस्तार, सहयोग और नए बाजारों तक पहुंच का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा। वहीं रेजिडेंट डायरेक्टर श्री रितेश सिंह ने आश्वासन दिया कि पीएचडीसीसीआई सभी सरकारी विभागों, बैंकों, प्रायोजकों और उद्योग भागीदारों के साथ समन्वय कर एक्सपो के सफल आयोजन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। अंत में पीएचडीसीसीआई उत्तराखंड चैप्टर ने सभी सहयोगी संस्थानों, प्रायोजकों और मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों, निवेशकों और आमजन से यूकाइटेक्स 2025 में सक्रिय सहभागिता कर उत्तराखंड के समावेशी विकास में योगदान देने की अपील की।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment